खबर का असर: अब टौणी देवी सिविल अस्पताल में ही सेवाएं देंगे डॉक्टर अभिषेक राणा

medical doctor with stethoscope on white background

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। सुजानपुर  विस क्षेत्र के तहत टौणी देवी सिविल अस्पताल के  मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर अभिषेक राणा  के सरकाघाट  डेपुटेशन पर भेजने  के आदेश रद्द हो गए हैं । लोगों के भारी विरोध के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आदेश रद्द किए हैं। फिलहाल डॉक्टर अभिषेक  टौणी देवी सिविल अस्पताल में ही सेवाएं जारी रखेंगे। 

Advertisements

लोगों के विरोध के बाद सरकाघाट भेजने के ऑर्डर रद्द

डॉक्टर अभिषेक राणा को उन परिस्थितियों में सरकाघाट डेपुटेशन पर भेजने के आदेश हुए थे जब टौणी देवी सिविल अस्पताल के  आठ में से तीन डॉक्टर  पहले ही डेपुटेशन पर बाहर भेजे जा चुके हैं। ऐसे में स्थानीय पंचायतों, व्यापार मंडल,  सामाजिक संगठन भड़क गए थे।  डॉक्टर अभिषेक राणा की उनके व्यवहार व कार्य करने की लग्न को लेकर ग्रामीणों में खासी पहचान है।  डॉक्टरों की कमी से पहले से जूझ  रहे टौणी देवी सिविल अस्पताल से अचानक उन्हें भी सरकाघाट डेपुटेशन पर भेजने से लोगों में खासी नाराजगी देखी गई। इस बारे में लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से मिलकर आदेश रद्द करवाने की गुहार लगवाई।  पूर्व सीएम धूमल ने लोगों की भावनाओं को समझते हुए इस संवेदनशील मुद्दे को सरकार तथा स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाया। उधर सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने भी जनभावनाओं को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तक पत्र लिखकर पहुंचाया। उन्होंने डॉक्टर अभिषेक के सरकाघाट भेजने के आदेश रद्द करने की मांग भी की। 

इस बारे  प्रिंसिपल सेक्रेटरी हेल्थ सुभाशीष पांडा ने बताया कि डॉक्टर कुंवर अभिषेक राणा के टौणी देवी सिविल अस्पताल से सरकाघाट अस्पताल में डेपुटेशन पर भेजने के आदेश तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिए गए हैं।

इन्होंने जताया आभार

डॉक्टर अभिषेक राणा के डेपुटेशन ऑर्डर रद्द होने पर  ग्राम पंचायत बारीं प्रधान रविंद्र ठाकुर, टपरे प्रधान दीवान चंद, पूर्व प्रधान रजनीश कुमारी चौहान, पूर्व प्रधान बबीता चौहान, पूर्व प्रधान देश राज, जगदीश चंद, सरवन कुमार, व्यापार मंडल टौणी देवी , भाजपा महिला मोर्चा सुजानपुर अर्चना चौहान,  सुनील चौहान , विजय बहल , तिलकराज बहल, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर , मंडल महासचिव पवन शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने स्वास्थ्य विभाग तथा सरकार का आभार जताया है। उधर डॉक्टर अभिषेक राणा ने बताया कि आदेश रद्द हो गए हैं और वह टौणी देवी सिविल अस्पताल में पहले की तरह लोगों की सेवा करेंगे। उन्होंने भी जनता से मिले प्यार और सम्मान के प्रति आभार जताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here