
होशियारपुर, (द स्टैलर न्यूज़)। जिला एवं सत्र न्यायधीश-कम-चेयरपर्सन जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी अमरजोत भट्टी के निर्देशों पर आज अतिरिक्त जिला व सत्र न्यायधीश जतिंदर पाल सिंह खुरमी ने जिला लीगल सर्विस अथारिटी के सदस्यों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने नालसा से संबंधित योजनाओं को सुचारु ढंग से चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी की ओर से दी जा रही नि:शुल्क कानूनी सेवाओं की समीक्षा की व बताया कि जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी की ओर से नि:शुल्क कानूनी सहायता मुहैया करवाई जा रही है, जिसके लिए जिला वासियों को अधिक से अधिक इसका लाभ लेना चाहिए।

बैठक के दौरान उन्होंने तहसीलदार होशियारपुर को निर्देश दिए कि सडक़ दुर्घटना में मारे गए व्यक्ति के आश्रित को जारी होने वाला डिपेंडेंट सर्टिफिकेट जल्द से जल्द जारी किया जाए ताकि कंपनसेशन टू विक्टिम के अंतर्गत मृतक के आश्रितों को मिलने वाला दो लाख रुपए का मुआवजा समय पर मिल सके। अतिरिक्त जिला व सत्र न्यायधीश जतिंदर पाल सिंह खुरमी ने बताया कि 13 अगस्त को जिले में राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को लोक अदालत का अधिक से अधिक प्रचार करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में हर तरह के दीवानी, लेबर, ट्रैफिक चालान व कम गंभीर फौजदारी केसों को आपसी व सहमति से निपटाने के लिए सुना जाएगा। उन्होंने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक केस लोक अदालत में लगाए जाएं। इससे समय व धन दोनों की बचत होती है। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के फैसले को दीवानी डिकरी की मान्यता प्राप्त होती है।
बैठक में सी.जे.एम. पुष्पा रानी, सी.जे.एम.-कम-सचिव जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी अपराजिता जोशी, अध्यक्ष जिला बार एसोसिएशन गुरबीर सिंह रिहल, डी.एस.पी(स्पैशल क्राइम) बृज मोहन, तहसीलदार प्रवीण छिब्बर, सहायक जिला अटार्नी पवनप्रीत सिंह, सहायक लोक संपर्क अधिकारी लोकेश कुमार भी उपस्थित थे।












