Sunday, October 18, 2026
Home Chandigarh पंजाब में 1 अगस्त से सभी यात्री सेवा वाहनों में लगेगा व्हीकल...

पंजाब में 1 अगस्त से सभी यात्री सेवा वाहनों में लगेगा व्हीकल लोकेशन ट्रेकिंग डिवाइस सिस्टम

चंडीगढ़, (द स्टैलर न्यूज़)। सार्वजनिक परिवहन प्रणाली की कार्यकुशलता बढ़ाने और राज्य में सभी वाहनों की प्रभावशाली ढंग से निगरानी के मद्देनज़र पंजाब सरकार द्वारा 1 अगस्त, 2022 से सभी यात्री सेवा वाहनों जैसे कि बसों, मिनी बसों और टैक्सियों में व्हीकल लोकेशन ट्रेकिंग डिवाइस (वी.एल.टी.डी.) सिस्टम शुरू किया जायेगा। इसके अलावा राज्य सरकार ने ‘एक बस एक पर्मिट’ को वाहन पोर्टल के साथ जोड़ने का फ़ैसला भी लिया है। 

Advertisements

रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के दफ़्तरों के कामकाज की समीक्षा करने संबंधी मीटिंग के दौरान परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने सभी पर्मिट धारकों को वाहन पोर्टल पर मोटर वाहन टैक्स जमा कराने की अपील करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वाहन पोर्टल पर ‘एक बस एक पर्मिट’ लागू होने के बाद ओ.टी.पी. सिस्टम को बंद कर दिया जाये क्योंकि सभी पर्मिट धारकों के लिए वाहन पोर्टल पर एक क्लिक के द्वारा मोटर वाहन टैक्स जमा करने की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि डिफ़ॉल्टरों से टैक्स वसूली का अमल और तेज़ किया जाना चाहिए। 

मीटिंग के दौरान वैब पोर्टल पर संयुक्त समय सारणी अपलोड करने का भी फ़ैसला किया गया जिससे राज्य की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में और अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।  सड़क हादसों के दौरान होने वाली मौतों पर गहरी चिंता प्रकट करते हुए मंत्री ने हिदायत की कि टिप्पर ट्रक और अन्य भारी वाहनों के पिछली तरफ़ लोहे की रॉड फिट करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी वाहन को एम.वी.आई. द्वारा पास ना किया जाये जिस पर लोहे की रॉड फिट न हो। उन्होंने संबंधित आर.टी.ए. सचिव द्वारा सभी अंतर्राज्यीय नाकों का नियमत रूप से निरीक्षण करने के भी आदेश दिए।  मीटिंग के दौरान सचिव परिवहन विकास गर्ग, राज्य परिवहन कमिश्नर विमल कुमार सेतिया, अतिरिक्त राज्य परिवहन कमिश्नर अमरबीर सिंह सिद्धू और समूह सचिव आर.टी.ए. शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here