खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के दो कर्मचारी घूस लेते गिरफ्तार

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के दो कर्मचारियों को विजिलेंस ने 9,600 रुपये घूस लेते रंगेहाथ पकड़ा है। विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान सनी कुबेर और कपिल देव के रूप में हुई है। राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के नादौन स्थित गोदाम में सनी कुबेर कनिष्ठ सहायक (लिपिक) और कपिल देव सार्वजनिक वितरण सहायक है। जहां ये कर्मचारी सेवारत थे, उस गोदाम से नादौन विधानसभा क्षेत्र की 43 उचित मूल्यों की दुकानों में राशन की आपूर्ति होती है। 

Advertisements

राशन की आपूर्ति के लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम हर साल निजी वाहनों को अनुबंध पर राशन सामग्री की ढुलाई का काम देता है। हमीरपुर निगम ने निजी वाहनों को खाद्य सामग्री की ढुलाई का काम दिया था। ट्रक संचालक राजेश कुमार ने राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो हमीरपुर को भेजे शिकायत पत्र में लिखा था कि निगम के दो कर्मचारी 9,600 रुपये घूस मांग रहे हैं।

इस पर डीएसपी विजिलेंस लालमन शर्मा ने इंस्पेक्टर अंकुर शर्मा की अध्यक्षता में टीम का गठन किया। विजिलेंस ने जाल बिछाया और केमिकल लगे नोटों का बंडल शिकायतकर्ता को दिया और कर्मचारियों को देने के लिए कहा। राजेश निगम के गोदाम में पहुंचा तो कपिल देव ने क्लर्क सनी कुबेर के पास घूस की रकम देने को कहा। सनी ने जैसे ही 9,600 रुपये अपनी जेब में डाले तो विजिलेंस ने उसे पकड़ लिया।

उधर, एसपी विजिलेंस राहुल नाथ ने कहा कि विजिलेंस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार को इन्हें हमीरपुर न्यायालय में पेश किया जाएगा। उधर, राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम हमीरपुर के एरिया मैनेजर संजीव वर्मा ने कहा कि घूस लेते पकड़े दोनों कर्मचारियों के खिलाफ आगामी कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। राशन की आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए अस्थायी तौर पर नादौन गोदाम में नई नियुक्तियां की गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here