
कपूरथला (द स्टैलर न्यूज़) रिपोर्ट: गौरव मढिय़ा। शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस पर एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश प्रधान शाम सुंदर अग्रवाल ने शहीद के जीवन से प्रेरणा लेकर देश के लिए मर मिटने का जज्बा अपने बच्चों में पैदा करने का आह्वान लोगो से किया।शाम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि हमें अमर शहीदों के बलिदान को भूलना नहीं चाहिए। ऐसे महापुरुषों के जन्म एवं बलिदान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करने से युवा पीढ़ी में देशसेवा की भावना जाग्रत होती है।उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से आपसी भाईचारा बढ़ता है।

शाम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि हमारे शूरवीरों ने अपनी जान कुर्बान कर देश को आजाद करवाया। हमारा फर्ज बनता है कि हम शहीदों के पदचिन्हों पर चलते हुए देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी पूरी इमानदारी के साथ निभाएं और देश की तरक्की में अपना योगदान दें।उन्होंने ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह एकता और आपसी भाईचारे कायम रखने वाली जिस सोच के मालिक थे वह आज भी हमारे देश के लिए प्रेरणा का स्त्रोत हैं।अंग्रेज शासकों की बांटो और राज करो की नीति के विरोध में ही शहीद उधम सिंह ने अपना नाम राम मोहम्मद सिंह आजाद रख कर देशवासियों को एकजुट होने का संदेश दिया।हम सभी को प्रण लेना चाहिए कि हम देश और प्रदेशों की तरक्की में एकजुट होकर योगदान डालें।
अग्रवाल ने कहा कि शहीद उधम सिंह का जन्म 26 दिसंबर 1899 को पंजाब के संगरूर जिले के सुनाम कस्बे में हुआ था। उधम सिंह ने 13 अप्रैल 1919 को जलियांवाला बाग में हुए कत्लेआम का बदला लेने के लिए जलियांवाला बाग के आरोपित माइकल ओ डायर को 13 मार्च 1940 को उसी की जमीन पर जाकर मारा।मारने के बाद उधम सिंह ने वहां से भागने की कोशिश नहीं की,बल्कि गिरफ्तारी दे दी।उन पर मुकदमा चला और चार जून 1940 को उन्हें हत्या का दोषी ठहराया गया।31 जुलाई 1940 को उन्हें पेंटनविले जेल में फांसी दे दी गई।
इस दौरान उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह की ही तरह शहीद उधम सिंह का स्वतंत्रता आंदोलन में बहुत बड़ा योगदान है,जिन्होंने देश की आजादी के लिए हंसते हंसते अपने प्राणों की आहुति दे दी। हमें उनके जीवन से देशभक्ति की प्रेरणा लेनी चाहिए। आज हम जो आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं, वो इन्हीं अमर शहीदों की देन है।इस अवसर पर एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के नेशनल चेयरपर्सन वुमेन सेल वरिंदर कौर पासी, प्रदेश विजिलेंस डायरेक्टर अनीश अग्रवाल, डिप्टी डायरेक्टर पंजाब दीपक नगर, प्रधान अवतार सिंह, सचिन बहल, अरुण धीर, गगन जलोटा, सोनू सोहता, अवतार सिंह, दिनेश कुमार आदि उपस्थित थे।












