Monday, October 19, 2026
Home Chandigarh रंगला पंजाब बनाने के लिए 500 स्मार्ट गाँव बनाए जाएंगे: कुलदीप धालीवाल...

रंगला पंजाब बनाने के लिए 500 स्मार्ट गाँव बनाए जाएंगे: कुलदीप धालीवाल  

चंडीगढ़(द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब गाँवों में बसता है, पंजाब को रंगला पंजाब बनाने के लिए पहले रंगला गाँव बनाना ज़रूरी है। आज यहाँ राज्य भर से आए ब्लॉक विकास अफसरों के साथ मीटिंग के उपरांत पत्रकार सम्मेलन के दौरान जानकारी साझा करते हुए राज्य के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार द्वारा रंगला पंजाब बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 500 स्मार्ट गाँव बनाए जाएंगे।  
ग्रामीण विकास मंत्री ने बताया कि हर हलके में कम से कम 5 गाँव स्मार्ट गाँव बनाने के लिए चुने जाएंगे, जिनको स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पीने वाले पानी और सफ़ाई आदि की अति-आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जायेगा। इन गाँवों में ही नौजवानों को आई.टी क्षेत्र में रोजग़ार मुहैया करवाने के लिए छोटी आई.टी इकाईयाँ स्थापित की जाएंगी। कुलदीप सिंह धालीवाल ने बताया कि स्मार्ट गाँवों के विकास कार्यों वाली जगह पर किसी भी राजनीतिक नेता का कोई नाम या बोर्ड नहीं लगाया जायेगा, बल्कि गाँवों की शक्ल बदलने वाले माहिरों का नामकरण गाँव में विशेष जगह पर किया जायेगा।  
 ग्रामीण विकास मंत्री ने बताया कि आज ब्लॉक विकास और पंचायत अफसरों को गाँवों की शक्ल बदलने के लिए 52 सूत्री विकास एजेंडा सौंपा गया है, जिसको लागू करने के लिए समयबद्ध और जवाबदेही तय की गई है  कुलदीप धालीवाल ने जि़ला विकास और पंचायत अफसरों को हिदायतें जारी करते हुए कहा कि सभी लम्बित केस 31 दिसंबर तक मैरिट के आधार पर बिना किसी पक्षपात के निपटाए जाएँ। जि़क्रयोग्य है कि जि़ला विकास और पंचायत अफ़सर को 3 महीने में केस का निपटारा करना लाजि़मी है।  
  ग्रामीण विकास मंत्री ने एक अन्य अहम फ़ैसला लागू करते हुए ऐलान किया कि ऐसा देखने में आया कि कुछ अफ़सर रिटायरमेंट या कुछ अफ़सर बदली होने से कुछ समय पहले गलत फ़ैसले कर जाते हैं। परन्तु अब जिस अफ़सर द्वारा कोई भी गलत फ़ैसला या गलत काम किया गया होगा, उसके खि़लाफ़ कार्यवाही होगी चाहे वह रिटायर हो गया हो। कुलदीप सिंह धालीवाल ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा पंचायती ज़मीनों से नाजायज कब्ज़े हटाने की मुहिम जो खेतों में धान की फ़सल के कारण कुछ समय के लिए रोकी गई थी फिर 1 अक्तूबर से शुरू की जायेगी।  
ग्रामीण विकास मंत्री ने गाँवों में किये जाने वाले विकास कार्यों की असली तस्वीर लोगों तक पहुँचाने के लिए ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मीडिया सैल स्थापित करने का ऐलान भी किया, जो ब्लॉक स्तर के विकास कार्यों की रिपोर्टों, फोटो और वीडियो इस सैल को भेजेगा। एक अन्य अहम जानकारी साझा करते हुए कुलदीप सिंह धालीवाल ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा धान की पराली न जलाने संबंधी बड़े स्तर पर मुहिम चलाई जायेगी। इस मुहिम के अंतर्गत ग्रामीण विकास विभाग पराली न जलाने के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए गाँव स्तर पर मुहिम चलाएगा।  
—————

Advertisements

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here