अज्जोवाल स्कूल में संविधान दिवस मनाया

होशियारपुर(द स्टैलर न्यूज़)। सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल अज्जोवाल में प्रिंसिपल चरण सिंह की अध्यक्षता में संविधान दिवस मनाया गया। इस मौके पर बच्चों तथा स्कूल के स्टाफ सदस्यों को शपथ दिलाई गई। अपने संबोधन में प्रिंसिपल चरण सिंह ने कहा कि कोई भी देश बिना सविधान के नहीं चल सकता। देश की सरकार और शासन कैसे चलेगा यह सभी बातें संविधान निर्धारित करता है। नागरिकों के क्या अधिकार होंगे, क्या कर्तव्य होंगे, किसकी नियुक्ति किस आधार पर होगी, देश चलाने के लिए कानून कैसे होंगे, यह सभी बातें संविधान में ही निहित होती हैं। उन्होंने कहा कि जब भारत आजाद हुआ तो सबसे पहले संविधान बनाने की चुनौती थी। इसके लिए 1949 में एक संविधान सभा का गठन किया गया। जिसमें पंडित जवाहरलाल नेहरू, डा. राजेंद्र प्रसाद, बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर, सरदार बल्लभ भाई पटेल, मौलाना अब्दुल कलाम आजाद आदि सभा के प्रमुख सदस्य थे। 26 नवंबर 1949 को यह संविधान बनकर तैयार हुआ। इस दिन की महत्ता को देखते हुए आज हम संविधान दिवस मना रहे हैं।

Advertisements

उन्होंने कहा कि संविधान दिवस पर डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को याद करना बेहद जरूरी है क्योंकि वह संविधान की ड्राफ्टिंग कमेटी के अध्यक्ष थे। इसीलिए उन्हें संविधान निर्माता कहा जाता है। संविधान बनाने में उनकी अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि संविधान ही हमें एक आजाद देश का आजाद नागरिक होने की भावना का अहसास करवाता है। भारत का संविधान यह ऐसा संविधान है जो समय की जरूरत के अनुसार बदला जा सकता है। अभी तक इस में 106 के करीब संशोधन किए जा चुके हैं।

देश के सभी फैसले संविधान के अनुसार लिए जाते हैं। किसी के साथ भी भेदभाव नहीं किया जाता। यह दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। उन्होंने बच्चों को संविधान की प्रस्तावना के बारे में भी बताया जो कि शुरू ही हम भारत के लोग शब्द के साथ होती है। इस मौके पर किशोर कुमार, राजेंद्र पाल सिंह, अमरिक सिंह, दलबीर सिंह,चरणजीत सिंह, अमनीत कौर, रजनीश, देवकी रानी, अमनदीप, अर्चना आदि भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here