
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। थाना सिटी पुलिस ने टायरों की दुकान से चोरी टायर बेचने के आरोप में वहां काम करने वाले राहुल पुत्र गंगा राम, हाल निवासी 90 बुद्ध राम कालोनी, होशियारपुर (नारायणी मोम, थाना मलावा, हरदोई, उत्तर प्रदेश) के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस संबंधी करण महाजन पुत्र चरंजी लाल महाजन निवासी बांसा वाली गली न्यू जगतपुरा ने पुलिस को बताया था कि उनकी गौशाला बाजार में मनसुख राम बंसी लाल नाम की दुकान है व उनके पास अपोलो टायरों की डीलरशिप है।

उनके अनुसार करीब 2 साल से उक्त राहुल को काम पर रखा था तथा उसने दुकान से टायर टोरी करके बेच दिए थे। इस मामले में पुलिस ने जहां राहुल को नामजद करके जांच शुरु कर दी थी वहीं पुलिस ने राहुल के बयान पर योगेश गुप्ता उर्फ विक्की पुत्र विनोद गुप्ता निवासी मोहल्ला दीप नगर, नजदीक एसडी कालेज, होशियारपुर को भी नामजद करके आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है। मामला दर्ज होने उपरांत राहुल ने पुलिस को बताया था कि जब वह दुकान पर काम करने लगा था तो उसकी पहचान विक्की से हो गई थी, जोकि चोअ पार स्थित शमशानघाट के समीप दायरों की दुकान करता था।
उसने बताया कि विक्की ने लालच दिया था कि वह अपनी दुकान से टायर चोरी करके उसे बेच दिया करे और वह उसे इसके बदले आधी कीमत दे दिया करेगा। इस पर वह लालच में आ गया और दुकान से टायर चोरी करके विक्की को देने लगा। पुलिस ने राहुल के बयान पर विक्की को भी इस मामले में नामजद करके आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है।












