
चंडीगढ़, (द स्टैलर न्यूज़): स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. इन्दरबीर सिंह निज्जर ने आज मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार का साल 2023-24 के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा पेश किए गए बजट को विकासमुखी ऐलान करते हुए कहा कि यह बजट शहरों के विकास को एक नई दिशा प्रदान करेगा।
पंजाब बजट-2023 की सराहना करते हुए डॉ. इन्दरबीर सिंह निज्जर ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के मद्देनजऱ राज्य सरकार के बजट में शहरों के विकास को मुख्य प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय और शहरी विकास के लिए बजट में 6,596 करोड़ रुपए का उपबंध रखा गया है। उन्होंने कहा कि अमरुत के लिए 1149 करोड़ रुपए, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के लिए 425 करोड़ रुपए, सतही जल सप्लाई (लुधियाना और अमृतसर) के लिए 460 करोड़ रुपए, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लिए 412 करोड़ रुपए, पंजाब म्यूनिसिपल डिवेल्पमैंट फंड के लिए 250 करोड़ रुपए और मौजूदा बी.आर.टी.एस अमृतसर के मज़बूतीकरण के लिए 5 करोड़ रुपए रखे गए हैं।

डॉ. निज्जर ने आगे कहा कि पिछली सरकारों के मुकाबले यह बजट पंजाब की नुहार बदलेगा और पंजाब फिर ”रंगला पंजाब” बनेगा। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री द्वारा पेश किए गए इस बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, बिजली और कृषि समेत अलग-अलग क्षेत्रों की तरक्की के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य के बुनियादी ढांचे के नवीनीकरण और अपग्रेडेशन के लिए भी लाभप्रद सिद्ध होगा।












