
अमृतसर (द स्टैलर न्यूज़ )। पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांता चावला ने कहा है कि सरकार भी और स्वास्थ्य मंत्री भी जानते हैं कि पंजाब में डाक्टरों की बहुत कमी है। कुछ विशेष स्पेशलिटी वाले डाक्टर अब सरकारी सेवा में नहीं आ रहे। गरीब जनता सरकारी अस्पतालों का आसरा लेती है। पंजाब सरकार सरकारी अस्पतालों में वह सब सुविधाएं दे जो रोगियों को चाहिए। क्या यह सच नहीं कि किसी भी सरकारी सिविल अस्पताल में डाक्टर पूरे नहीं। मेडिसिन, बाल रोग विशेषज्ञ, रेडियोलाजिस्ट और कहीं कहीं तो गायनी के विशेषज्ञ डाक्टरों की भी कमी है।

दूरदराज गांवों में लोगों को रात के समय सुविधा मिलती नहीं। पंजाब सरकार और पंजाब के सेहत मंत्री यह सुनिश्चित करें कि सभी विशेषज्ञ डाक्टर बड़े अस्पतालों में भेजे जाएं। कोई भी लिहाजी या सिफारिशी विशेषज्ञ डाक्टर उन डिस्पेंसरियों में न भेजा जाए जहां एमबीबीएस डाक्टर भी काम चला सकते हैं। अच्छा हो सरकार आयुर्वेद और होम्योपैथी के डाक्टरों को विशेष प्रोत्साहन देकर उनकी सेवाएं भी आम जनता के लिए उपलब्ध करवाए। दक्षिण के केरल प्रांत में जिस ढंग से आयुर्वेद के बड़े—बड़े अस्पताल विशेषज्ञ डाक्टरों के साथ बनाए गए हैं उसकी पद्धति से आयुर्वेद का प्रचार प्रसार करें। आयुर्वेद का इलाज सस्ता भी है और आम जनता उसे पसंद भी करती है।












