भगवंत मान पंजाब पर चढ़े कर्ज के लिए पिछली सरकारों पर उंगली उठाते थे, खुद चढ़ाया 50,000 करोड़ रुपये का कर्ज: शारदा 

कपूरथला (द स्टैलर न्यूज़), गौरव मढ़िया। झूठ बोले कऊआ काटे वाली कहावत पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर बिलकुल सटीक बैठती है, क्योकि इस सरकार ने अपने कार्यकाल में पंजाब के लोगो से झूठ बोलने के सिवाए कुछ नहीं किया है। यह बातें पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश सचिव व सीनियर नेता उमेश शारदा ने कही। उन्होंने कहा कि जून 2022 में, जब आम आदमी पार्टी की सरकार ने राज्य की वित्त स्थिति पर अपना श्वेत पत्र जारी किया था तो उसने राजकोषीय गड़बड़ी के लिए पिछली सरकारों को दोषी ठहराया था। शारदा ने राज्य सरकार पर बढ़ रहे कर्ज पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि मान सरकार ने अभी तक 50,000 करोड़ रुपये का कर्ज लिया है। जिसे अगर छमाही में बदला जाए तो यह 17,000 करोड़ रुपये बनता है। अगले साल जब तक सरकार बजट पेश करेगी तब तक यह रकम 70,000 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगी। सरकार कर्ज लेने में घोड़े पर सवार है।

Advertisements

शारदा ने कहा कि अप्रैल से जुलाई तक सिर्फ चार महीनों में आम आदमी पार्टी(आप)सरकार 11,718 करोड़ रुपये का कर्ज ले चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि नियंत्रण नहीं किया गया, तो वर्तमान सरकार अपने कुशासन के केवल पांच वर्षों में पंजाब को 1.75 लाख करोड़ रुपये के कर्ज के बोझ तले दबा देगी, जबकि राज्य के अस्तित्व के पिछले 56 वर्षों में कुल 2.82 लाख करोड़ रुपये का कर्ज था। शारदा ने को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार का वादा और कर्ज लेने के बजाय अन्य स्रोतों से धन जुटाने का था। मीडिया की खबरों का हवाला देते हुए शारदा ने कहा कि वित्त मंत्री का दावा है कि आप सरकार पर पिछले 18 महीनों में 47,000 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज हो गया है, जिसमें से 27,000 करोड़ रुपये से अधिक का इस्तेमाल कर्ज पर ब्याज चुकाने में किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया-आपकी सरकार का वादा विभिन्न स्रोतों से राजस्व उत्पन्न करना और पंजाब पर कर्ज कम करना था लेकिन आपकी सरकार ने कर्ज चुकाने के लिए और अधिक कर्ज लिया है। आपको क्या लगता है कि यह विचार कितना समझदार है? शारदा ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब पर चढ़े कर्ज के लिए पिछली सरकारों पर उंगली उठाते थे।

2022 की विभिन्न चुनावी रैलियों में उन्होंने आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री के साथ प्रतिज्ञा ली थी कि उनकी सरकार पंजाब के कर्ज के बोझ को कम करने के लिए कड़ी मेहनत करेगी।भाजपा नेता ने कहा कि केजरीवाल ने रेत खनन से 20,000 करोड़ रुपये और भ्रष्टाचार खत्म कर 34,000 करोड़ रुपये इकट्ठा करने का वादा किया है।हरपाल चीमा को पंजाब के लोगों को बताना चाहिए कि उनकी सरकार अपने वादों से क्यों मुकर गई? शारदा ने कहा कि दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्रियों ने पंजाबियों को झूठ बोलकर बेवकूफ बनाया है।उन्होंने पूछा कि रेत खदानों की पारदर्शी नीलामी और शराब की बिक्री से उत्पन्न होने वाला 40,000 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व कहां है, जिसके बारे में केजरीवाल विधानसभा चुनावों के दौरान दावा किया करते थे।

शारदा ने पंजाब में हर फ्रंट पर फेल होने और नशे के बढ़ते कारोबार पर पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सूबे में नशे से हो रही मौतों के लिए आप सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि आप सरकार में चिट्टे का नशा पूरे पंजाब को निगल रहा है। सरकार इसे रोकने में फेल साबित हो रही है। चिट्टा बुजुर्ग माता-पिता से उनके कलेजे के टुकड़ों को छीन रहा है। जिससे युवकों के शवों को उनके बुजुर्ग पिता अपने कंधों पर श्मशानघाट ले जाने को मजबूर हैं। नौजवानों की मौत से माताओं का सहारा छिन रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here