
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से करवाए जाने वाले अंडर 14 (लड़के) अंतर जिला क्रिकेट टूर्नामैंट के लिए होशियारपुर की टीम का चयन किया जाना है। इसके लिए एचडीसीए की रेलवे मंडी स्थित क्रिकेट ग्राउंड में ट्रायल लिए जाएंगे। जिस संबंधी जानकारी देते हुए एचडीसीए के सचिव डा. रमन घई ने बताया कि ट्रायल 5 नवंबर 2023 दिन रविवार को सुबह 12 बजे शुरु किए जाएंगे तथा इसके लिए बच्चों की आयु 1 सितंबर 2009 व इसके बाद की होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि अंडर 14 में चयनित बच्चों का 10 दिन का कैंप लगाया जाएगा व इस कैंप में टीम का अंतिम चयन खिलाड़ियों के खेल कौशल को देखते हुए किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कैंप जिला कोच दलजीत सिंह इंजी, जिला ट्रेनर कुलदीप धामी व कोच दलजीत धीमान की देखरेख में लगाया जाएगा। उन्होंने ट्रायल में भाग लेने वाले इच्छुक खिलाड़ियों से अपील की कि वह समय पर पहुंचकर ट्रायल दें ताकि योग्य खिलाड़ियों को टीम का हिस्सा बनाया जा सके और वह होशियारपुर के लिए खेलकर पंजाब एवं राष्ट्र स्तर पर आगे बढ़ सकें।











