Friday, October 23, 2026
Home Hoshiarpur ‘सीएम दी योगशाला’ प्रोजैक्ट के अंतर्गत जिले में 39 योग ट्रेनर लोगों...

‘सीएम दी योगशाला’ प्रोजैक्ट के अंतर्गत जिले में 39 योग ट्रेनर लोगों को सिखाएंगे योग

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने कहा कि मुख्य मंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान की ओर से प्रदेश में शुरु किया ‘सी.एम. दी योगशाला’ प्रोजैक्ट के अंतर्गत होशियारपुर शहर के अलावा जिले के भी अन्य स्थानों पर योग कक्षाएं शुरु की जा रही है, जिस संबंध में योग ट्रेनर इन स्थानों पर भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि होशियारपुर शहर में पहले से ही योग कक्षाएं शहर के अलग-अलग पार्कों में सुबह अलग-अलग सत्रों में चल रही है। इसके अलावा जिले के अन्य स्थानों पर भी योग ट्रेनरों की ओर से योग कक्षाएं शुरु कर दी जाएंगी। डिप्टी कमिश्नर ने ‘सी.एम दी योगशाला’ प्रोजैक्ट को जिले में और प्रभावी ढंग से लागू करने संबंधी आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिले के समूह एस.डी.एम्ज, ई.ओज व अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए कि लोगों को इन नि:शुल्क योग कक्षाओं के बारे में ज्यादा जागरुक किया जाए। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश के नागरिकों को नि:शुल्क योग शिक्षा देने की यह एक बेहतरीन पहल है।

Advertisements

इस योजना के अंतर्गत प्रमाणित योग टीचर लोगों के समूह को नि:शुल्क योग सिखाएंगे। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य नागरिकों की शारीरिक व मानिसक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में ध्यान व योग के महत्व को उजागर करना है। एक प्राचीन अभ्यास के रुप में, योग किसी के जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने का एक प्रभावी साधन साबित हुआ है। रोजाना अभ्यास द्वारा, व्यक्ति एकाग्रता का विकास कर सकता है व अपने वातावरण के साथ अधिक से अधिक एकसुरता स्थापित कर सकता है। कोमल मित्तल ने कहा कि ‘सी.एम. दी योगशाला’ के माध्यम से लोगों को उनके द्वारा चुने गए स्थान पर जैसे कि पार्क, सार्वजनिक स्थान पर नि:शुल्क योग शिक्षा दी जाएगी।

अगर किसी व्यक्ति के पास योग कक्षा करने का स्थान उपलब्ध है और कम से कम 20-25 लोगों का समूह है तो पंजाब सरकार योग ट्रेंड इंस्ट्रक्टर घर भेजेगी। उन्होंने कहा कि जो लोग इन कक्षाओं का लाभ लेना चाहते हैं वे टोल फ्री नंबर 7669400500 पर मिस्ड काल दे सकते हैं या फिर सी.एम. की योगशाला पोर्टल  cmdiyogshala.punjab.gov.in  पर लॉगइन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिले में भूंगा के लिए 2, दसूहा के लिए 3, गढ़शंकर के लिए 4, हाजीपुर के लिए 2, मुकेरियां के लिए 4, माहिलपुर के लिए 2, टांडा के लिए 2, तलवाड़ा के लिए 3, चब्बेवाल के लिए 4 व होशियारपुर के लिए 13 योग टीचर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक योग ट्रेनर की ओर से दिन पांच क्लासिल लगानी अनिवार्य है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here