
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और करनाल लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार मनोहर लाल खट्टर की आय में पिछले 10 वर्षों में 25 गुना बढ़ौतरी हुई हैं। लोकसभा चुनाव के लिए दाखिल हलफनामे में मनोहर लाल खट्टर ने अपनी कुल संपत्ति 2.54 करोड़ रुपये घोषित की है। जिसमें 40 लाख की कृषि भूमि और घर (अचल संपत्ति) शामिल हैं। मनोहर लाल खट्टर भले ही 2.54 करोड़ रुपये के मालिक हैं, लेकिन उन्हें न तो कारों का शौक है और न ही गहनों का। गौरतलब हैं कि कोई भी कार मनोहर लाल के नाम पर नहीं हैं। मनोहर लाल के पास रोहतक की कलानौर तहसील के बनियानी गांव में 12 कनाल पुश्तैनी जमीन है, जिसकी कुल कीमत 35 लाख रुपये है। करीब 150 गज की दूरी पर उनका पैतृक घर है, जिसकी बाजार कीमत महज 5 लाख रुपये है। अगर पूर्व मुख्यमंत्री के बैंक खातों की बात करें तो उनके पास कुल 6 बैंक खाते हैं, जिनमें लगभग 2.14 करोड़ रुपये जमा हैं। इसके अलावा उनके पास 50 हजार रुपये नकद हैं।

बैंक में जमा पैसों की बात करें तो खट्टर के पास 1.30 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) भी है। इसके साथ ही आज तक मनोहर लाल के खिलाफ कोई भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है और न ही उनके खिलाफ कोई कोर्ट केस चल रहा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अचल संपत्ति में 2.5 गुना बढ़ौतरी हुई हैं। सैनी, जिन्होंने करनाल विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, जहां विधायक के रूप में खट्टर के इस्तीफे के बाद उपचुनाव होने जा रहा है, ने 43.57 लाख रुपये की चल संपत्ति का खुलासा किया, जबकि उनकी पत्नी सुमन ने 9.29 लाख रुपये की चल संपत्ति की सूचना दी। नायब सैनी ने 2024 में अपनी अचल संपत्ति 4.15 करोड़ रुपये घोषित की, जिसमें उनकी पत्नी की कुल संपत्ति 70 लाख थी।












