
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। राष्ट्रीय राजमार्ग की खुदाई के चलते टपरे पंचायत घर को जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है, जिससे पंचायत प्रतिनिधियों के साथ ही ग्रामीणों को पंचायत कार्यालय पहुंचना मुश्किल हो गया है।जिससे पंचायत के कामकाज पर भी विपरीत असर पड़ रहा है । वहीं पंचायत प्रधान ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जल्द रास्ता बनाने की मांग की है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। राष्ट्रीय राजमार्ग 03 का कार्य आजकल जोर-शोर से चल रहा है और इसी क्रम में पहाड़ी की खुदाई के चलते टपरे पंचायत घर को जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है।

लगभग एक सप्ताह से लोगों की आवाजाही पूरी तरह से बंद पड़ी हुई है। पंचायत के कर्मचारी, प्रतिनिधियों के साथ ही लोगों को भी इससे काफी परेशानी हो रही है। टपरे पंचायत के प्रधान दिवान चंद ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार निर्माण कंपनी के अधिकारियों को अवगत करवाया गया है, लेकिन अभी तक कोई भी सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है।जिससे काफी परेशानी हो रही है। उपायुक्त ने पंचायत प्रधान को जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है तथा इसके लिए अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश जारी किए हैं।












