
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। खालिस्तानी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश मामले में आरोपी निखिल गुप्ता को अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया है। भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को चेक गणराज्य से अब अमेरिका के हवाले सौंप दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया। आज निखिल गुप्ता को न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत में पेश किए जाने की उम्मीद है। निखिल गुप्ता वर्तमान में ब्रुकलिन में संघीय मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में बंद है, जहां उन्हें कैदी के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।

इससे मामले से जुड़े लोगों ने बताया कि निखिल गुप्ता को चेक गणराज्य में हिरासत में लिया गया था। वह इसी वीकेंड न्यूयॉर्क पहुंचे हैं। आमतौर पर प्रत्यर्पित किए गए आरोपियों को देश में आने के एक दिन के भीतर अदालत में पेश होना पड़ता है। संघीय अभियोजकों का आरोप है कि निखिल गुप्ता ने पन्नू की हत्या के लिए एक हत्यारे को काम पर रखा था और 15,000 अमेरिकी डॉलर का अडवांस भी दिया था। उनका आरोप है कि इसमें एक अज्ञात भारतीय सरकारी अधिकारी शामिल था।











