
जम्मू-कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। कुलगाम में दो जगह चली मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने छह आतंकवादियों को मार गिराया। मारे गए आतंकियों के ठिकाने से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि एक घर में बनी अलमारी के भीतर आतंकियों ने गुप्त ठिकाना बना रखा था। बाहर से इस ठिकाने को इस तरह से छिपाकर रखा था कि पता ही न चल पाए। सूत्रों की मानें तो पुलिस और सुरक्षाबलों की जांच के बाद इस आतंकी ठिकाने का पर्दाफाश हुआ है। हालांकि वीडियो को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि इस ऑपरेशन के दौरान दो जवान शहीद हो गए है।

आतंकियों के पास से तीन एके-47 राइफल, एक पिस्तौल व गोला-बारूद बरामद किया गया है। मारे गए दहशतगर्द हिजबुल मुजाहिदीन व लश्कर-ए-ताइबा के सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट से जुड़े हुए थे। मारे गए आतंकियों की शिनाख्त यावर बशीर निवासी कैमोह, जाहिद अहमद डार निवासी यारीपोरा, तौहीद अहमद राथर निवासी, शकील अहमद वानी निवासी कुलगाम के रूप में हुई है। अन्य दो आतंकियों की भी पहचान की जा रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से तलाशी अभियान जारी है।












