
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। चोर सामान चोरी करके फरार होते हुए तो आपने कई बार सुना होगा, लेकिन चोरी करने के बाद सारा सामान लौटाने के बारे में आपने कम ही सुना है। एक ऐसी ही खबर सामने आई है। यहां चोर ने एक प्रसिद्ध मराठी लेखक के घर से कीमती सामान चुराया। जिसके बाद चोर ने सारा सामान लौटा दिया। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि चोर ने रायगढ़ जिले के नेरल में स्थित नारायण सुर्वे के घर से एलईडी टीवी समेत कीमती सामान चुराया था। मुंबई में जन्मे सुर्वे एक प्रसिद्ध मराठी कवि और सामाजिक कार्यकर्ता थे। उनका 16 अगस्त 2010 को 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। सुर्वे की बेटी सुजाता और उनके पति गणेश घारे अब इस घर में रहते हैं। वह अपने बेटे के पास विरार गए थे और उनका घर 10 दिनों से बंद था।

इसी दौरान चोर घर में घुसा और एलईडी टीवी समेत कुछ सामान चुरा ले गया। अगले दिन जब वह कुछ और सामान चुराने आया तो उसने एक कमरे में सुर्वे की तस्वीर और उन्हें मिले सम्मान के देखा। जिसके बाद उसने चुराया सारा सामान लौटा दिया। जिसके बाद उसने दीवार पर एक नोट चिपकाया, जिसमें उसने महान साहित्यकार के घर चोरी करने के लिए मालिक से माफी मांगी। नेरल पुलिस थाने के निरीक्षक शिवाजी धवले ने बताया कि जब सुजाता और उनके पति घर लौटे तो उन्हें यह नोट मिला। उन्होंने बताया कि पुलिस टीवी और अन्य वस्तुओं पर मिले उंगलियों के निशान के आधार पर आगे की जांच कर रही है।












