
खरड़ (द स्टैलर न्यूज़)। खरड़ में स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र ने 100 फीट ऊंची पानी की टंकी से छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस एक वीडियों भी सामने आया है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय सुमित छिक्कारा निवासी बहादुरगढ़ (हरियाणा) के रूप में हुई है। वह माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पूछताछ करने पर मृतक के दोस्तों ने बताया कि उसने पहले भी आत्महत्या करने का प्रयास किया था।

उसके साथियों आदित्य और वैभव ने बताया कि सुमित उनका दोस्त था, जो कुछ दिनों से पैसों के लेनदेन को लेकर परेशान था। सुमित ने पहले हाथ की नस काटी और फिर अचानक मॉर्डन सिटी सेंटर में बनी पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गया। जैसे ही दोस्तों व आसपास के लोगों ने उसे टंकी पर चढ़ा देखा तो वे उसे रोकने की कोशिश में लगे। दो व्यक्ति उसे रोकने के लिए टंकी पर भी चढ़े, लेकिन सुमित ने उन्हें चढ़ता देख टंकी से छलांग लगा दी। जिसके बाद उसे अस्पताल दाखिल करवाया गया, लेकिन वह बच न सका। जानकारी के मुताबिक युवक की दोनों टांगें टूट गई थी और टांगों की हड्डियां बाहर दिखाई दे रही थी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।











