
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। कनाडा स्थित खालिस्तानी समर्थक लखबीर सिंह संधू उर्फ लांडा के एक प्रमुख सहयोगी को एक बड़े आतंकवादी नेटवर्क संबंधी एनआईए ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। यह मामला व्यापारियों सहित अन्य लोगों से जबरन वसूली के लिए घातक हथियारों की आपूर्ति करने से जुड़ा है। एनआईए ने बताया कि मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के रहने वाले बलजीत सिंह उर्फ राणा भाई उर्फ बल्ली को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि बल्ली पंजाब में लांडा के आदमियों को हथियारों की आपूर्ति करने वाला प्रमुख व्यक्ति था। इसमें कहा गया कि इन हथियारों का इस्तेमाल व्यापारियों और अन्य लोगों से जबरन वसूली करने समेत आतंकवादी गतिविधियों को बड़े पैमाने पर अंजाम देने के लिए किया जाता था। एनआईए ने कहा कि मामले में एनआईए की जांच के दौरान गुरप्रीत सिंह गोपी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान लांडा के सहयोगी के रूप में की गई है और एक अन्य खालिस्तानी आतंकवादी सतनाम सिंह सत्ता को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।












