
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। नीति आयोग की नौवीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बजट में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कुछ गैर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री ने इस बैठक से किनारा किया। वहीं, विपक्षी गठबंधन की ओर से एकमात्र पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इसमें शामिल हुईं। लेकिन कुछ समय बाद ही वह भी बैठक को बीच में ही छोड़कर बाहर आ गईं।

उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया और मेरा माइंक बंद कर दिया गया। आरोपों का जवाब देते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने कहा कि ममता बनर्जी को झूठ पर आधारित कहानी गढ़ने की बजाय इसके पीछे का सच बोलना चाहिए। सीतारमण ने कहा कि हर सीएम को बोलने के लिए उचित समय दिया गया था। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की बात हम सभी ने सुनी। उन्होंने कहा कि ममता ने मीडिया को कहा कि उनका माइक बंद कर दिया गया था। यह पूरी तरह से झूठ है।












