
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। करीब 20 साल पहले ढोलवाहा के साथ लगते कंडी के गांवों में बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर लोगों द्वारा संघर्ष किया गया था और मरणव्रत जैसा कदम उठाकर सरकार और जिला प्रशासन को नींद से जगाने का प्रयास किया गया था, जिसके बाद उक्त गांवों में बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जी रहे लोगों को सुविधाएं मिलनी शुरु हुईं थीं। एक बार फिर से कंडी के इन गांवों के लोग मरणव्रत जैसा कदम उठाने को विवश होने लगे हैं, क्योंकि बरसात के दिनों में इस इलाके में न तो सरकार और न ही जिला प्रशासन द्वारा लोगों की सुध ली जा रही है और ऐसा इन गांवों के लोगों का कहना है, जिसके चलते उन्हें मरणव्रत जैसा कदम उठाना पड़ रहा है। इतना ही नहीं एक तरफ जहां पूरा देश आजादी के जश्न में डूबा होगा तो दूसरी और उक्त गांवों के लोग डायमंड यूथ क्लब के नेतृत्व में मरणव्रत पर बैठ रहे होंगे। अब देखना यह होगा कि यह समाचार पता चलने पर सरकार एवं जिला प्रशासन उक्त इलाके की क्या सुध लेती है तथा वह लोगों की समस्याओं का कितना समाधान करने में सफल रहते हैं।

कंडी क्षेत्र मे पड़ते गांव ढोलवाहा से गांव टप्पा, कोर्ट, बहेड़ा, बाड़ीखड, दौलतपुर रोड़, कूकानेट, देरियां, पटियाल, मैंहग्रोवाल सड़क की हालत इतनी खस्ता हो चुकी है कि लोगों का पैदल चलना भी दूभर बना हुआ है। आजकल बरसात के दिनों में इन सभी गांव का होशियरपुर से पूरी तरह सम्पर्क टूट गया है। स्कूली बच्चों के साथ-साथ आम लोगों को पैदल कई किलोमीटर सफऱ तय करना पड़ता है। हालात ऐसे हैं कि बरसात के इन दिनों में इन गांवों में बिजली, पानी आना पूरी तरह बंद हो जाता है। ऐसे लगता है जैसे इन गांव में रहते लोगों का किसी ने हुक्का-पानी बंद कर दिया है। इस समस्या के हल के प्रति सरकार के प्रतिनिधि को कई बार अवगत करवाए जाने के बावजूद कोई भी गंभीरतापूर्वक इस तरफ ध्यान देना जरुरी नहीं समझ रहा। आजकल तो ऐसे हालात हैं कि इन गांव में सरकार ने जैसे ध्यान देना छोड़ दिया है।
इन हालातों को देखते हुए डाइमंड यूथ क्लब टप्पा ने पंजाब के मुख्यमंत्री एवं परिवहन एवं मार्ग मंत्री को चेतावनी दी है की इन गांवों की सड़कों की तरफ ध्यान न दिया गया तो डाइमंड यूथ क्लब टप्पा के प्रधान राकेश शर्मा 15 अगस्त को ढोलवाहा बस अड्डे पर मरणव्रत पर बैठ रहे हैं तथा इसमें कई साथी उनका साथ देने के लिए तैयार हैं। समस्या संबंधी जानकारी देते हुए गांव टप्पा के पंच बाल कृष्ण, प्रमोद शर्मा, संजीव शर्मा, पबन कुमार, अजय शर्मा, विशाल शर्मा, अंकुश, अमन, सुलिंन्द्र कुमार, रविंदर कुमार, मनोज कुमार, अशोक कुमार, जीवन कुमार, सोनिया शर्मा, सुलिंन्द्र कुमारी सहित अन्य गांव निवासियों ने सरकार से अपील की कि वह गांव निवासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इनसा समाधान करके लोगों को राहत प्रदान करे।












