
कोलकाता (द स्टैलर न्यूज़)। कोलकाता में आरजी कर मैडिकल अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले में एक नया अपडेट सामने आया है। जिसमें पीड़िता के माता-पिता को अस्पताल ने गुमराह करने की कोशिश की। इस मामले में कुछ ऑडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर सामने आए है। पहली क्लिप में एक महिला पीड़िता के पिता से कहती हुई सुनाई दे रही है कि आपकी बेटी अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत बहुत खराब है। कृपया जल्दी आएं। जब वह यह जानना चाहते हैं कि उसे बुखार तो नहीं है, तो महिला कहती है कि मैं डॉक्टर नहीं हूं। मैं एक सहायक अधीक्षक हूं। आपकी बेटी को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत बहुत खराब है।

एक डॉक्टर आपको इसके बारे में और बताएंगे। दूसरी क्लिप में एक शख्स उसके माता-पिता से कह रहा है कि जितनी जल्दी हो सके आ जाओ। आपकी बेटी अब नहीं रही। हो सकता है कि उसने आत्महत्या कर ली हो। पुलिस यहां है, इसलिए आप भी जल्दी आ जाओ। जब आप यहां होंगे तो आपको और पता चलेगा। जानकारी मुताबक अनीता धारा को सहायक अधीक्षक होने का संदेह है, जिनकी आवाज ऑडियो क्लिप में सुनी जा सकती है। हालांकि चेस्ट मेडिसिन विभाग के पूर्व प्रमुख ने पुलिस और सीबीआई को बताया था कि कॉल द्वैपायन बिस्वास ने की थी, जो एक डिप्टी सुपरिटेंडेंट हैं। फिलहाल इस मामले में सीबीआई द्वारा गंभीरता से जांच की जा रही है।












