
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सिविल सर्जन होशियारपुर डा. पवन कुमार शगोत्रा ने मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के लिए सब-डिवीजनल अस्पताल गढ़शंकर का औचक दौरा किया। उनके साथ जिला एपीडिमोलोजिस्ट (आईडीएसपी) डा. सैलेश कुमार भी मौजूद थे। सिविल सर्जन डा. पवन कुमार ने ड्यूटी पर तैनात सभी स्टाफ की उपस्थिति जांची और सभी को समय का पाबंद रहने के निर्देश दिए। उनके द्वारा मरीजों के रिकॉर्ड, दवाओं के स्टॉक एवं साफ-सफाई की विशेष रूप से समीक्षा की गयी। उन्होंने बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण के लिए नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।

डा. शगोत्रा ने स्टाफ से कामकाज और मरीजों का उचित रिकॉर्ड बनाए रखने को कहा। उन्होंने मरीजों के लिए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और लोगों को सरकार द्वारा दी जाने वाली सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया करायी जा सके। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड और विभिन्न वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों का हाल जाना और उन्हें दी जाने वाली दवाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने फार्मेसी में उपलब्ध दवाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टाफ से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, मरीजों के प्रति प्रेमपूर्ण रवैया अपनाने को कहा तथा किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में स्वास्थ्य संस्थान में आने वाले मरीजों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।











