
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शहर के टांडा मार्ग पर लाजवंती पुल पर एक तेज रफ्तार पीआरटीसी की बस ने ओवरटेक करते हुए क्षत्रिय करणी सेना पंजाब के अध्यक्ष लक्की ठाकुर की कार को टक्कर मार दी। जिससे उनका साइड मिरर टूट गया और गाड़ी एक साइड से क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में लक्की ठाकुर को कोई चोट नहीं आई तथा उनका बचाव हो गया। जानकारी देते हुए लक्की ठाकुर ने बताया कि वह टांडा रोड की तरफ जा रहे थे कि जैसे ही वह पुल पार करने लगे तो तेज रफ्तार पीआरटीसी कंपनी की बस ने गलत ढंग से ओवरटेक करते समय उनकी कार को टक्कर मार दी।

जिससे उनकी कार आगे से क्षतिग्रस्त हो गई और साइड मिरर भी टूट गया। उन्होंने कहा कि भगवान का शुक्र रहा कि उन्हें चोट नहीं आई, अन्यथा जिस तेजी के साथ चालक बस को चला रहा था, उससे बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने इस संबंधी पुलिस को सूचना दी तथा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी थी।












