Saturday, October 3, 2026
Home Latest अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर हरजिंदरद्वारा जिले में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को...

अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर हरजिंदरद्वारा जिले में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर और तेज करने के निर्देश जारी

गुरदासपुर (द स्टैलर न्यूज़)। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) स. हरजिंदर सिंह की अध्यक्षता में आज जिला प्रशासनिक परिसर के सम्मेलन कक्ष में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक के दौरान जिले में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को और तेज करने पर विचार विमर्श किया गया। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) स. हरजिंदर सिंह ने कहा कि इस बार नव जन्मी बेटियों की लोहड़ी ब्लॉक और जिला स्तर पर धूमधाम से मनाई जाए। इस मौके पर नवजात बेटियों को लोहड़ी दी जाएगी और विभिन्न क्षेत्रों में नाम रौशन करने वाली बेटियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि हालांकि लड़कियों के प्रति समाज की सोच में बड़ा बदलाव आया है और लड़कियों ने अपनी मेहनत, काबिलियत और अपने माता-पिता के सहयोग से हर क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं, फिर भी जो थोड़ा बहुत फर्क रह गया है, उसे दूर करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि लड़कियों के लिए मुफ्त सॉफ्ट स्किल ट्रेनिंग कोर्स एवं आई.ए.एस. और पी.सी.एस. जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग का कार्यक्रम शुरू किया जाए। इसके अलावा, लड़कियों को चार पहिया वाहन और ई-रिक्शा चलाने की भी ट्रेनिंग दी जाए।

Advertisements

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा खेल विभाग के माध्यम से लड़कियों का वॉलीबॉल टूर्नामेंट भी आयोजित किया जाएगा।अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर स. हरजिंदर सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर लड़कियों/महिलाओं के अधिकारों और सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याण योजनाओं की जानकारी देने वाले बोर्ड लगाए जाएं। स्कूलों में विशेष रूप से लड़कियों के लिए करियर काउंसलिंग की जाए। लड़कियों का विशेष शैक्षणिक टूर भी आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा लड़कियों को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग देने का कार्यक्रम भी जल्द शुरू किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को यह निर्देश दिया कि लड़कियों की स्वास्थ्य जांच के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाए और 5 साल तक की लड़कियों के लिए संतुलित आहार का चार्ट छाप कर वितरित किया जाए। बैठक के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी जस्मीत कौर, सिविल सर्जन डा. भारत भूषण, जिला परिवार कल्याण अधिकारी डा. तजिंदर कौर, सी.डी.पी.ओ. वरिंदर सिंह गिल, शशी बाला, सचिव जिला रेड क्रॉस सोसाइटी स. राजीव सिंह, ब्लॉक मिशन मैनेजर चाँद ठाकुर के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here