
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दक्षिण कोरिया के एक हवाई अड्डे पर देर रात उड़ान भरने से पहले एक यात्री विमान में आग लग गई। गनीमत रही कि 176 यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया। दक्षिण कोरिया के परिवहन मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि विमान गिम्हे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हांगकांग के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान एयर बुसान के एयरबस विमान में आग लग गई।

मंत्रालय के अनुसार, विमान में सवार 169 यात्री, चालक दल के छह सदस्य और एक इंजीनियर को आपातकालीन फिसलपट्टी (इस्केप स्लाइड) की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया। अग्निशमन एजेंसी ने कहा कि घटनास्थल पर अग्निशमन और दमकल गाड़ियों को तैनात करने के करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।











