
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मास डिपोर्टेशन योजना के तहत अवैध भारतीय प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी मुताबक अमेरिका का एक सैन्य विमान 205 नागरिकों को लेकर टेक्सास से रवाना हो गया है। डिपोर्टेशन के लिए करीब 15 लाख लोगों को चिन्ह्त किया गया है जिसमें 18 हजार भारतीय शामिल हैं। विमान में सवार सभी भारतीयों का सत्यापन भारत सरकार द्वारा किया गया। ट्रंप के मास डिपोर्टेशन प्लान से अमेरिका में रह रहे भारी संख्या में भारतीय प्रभावित होंगे।

पेंटागन ने कहा है कि एल पासो, टेक्सास, सैन डिएगो, कैलिफोर्निया से 5,000 से अधिक प्रवासियों को निर्वासित करने के लिए उड़ानें तैनात हैं। ट्रंप ने पिछले सप्ताह इमिग्रेशन पर अपनी आपातकालीन घोषणा के हिस्से के रूप में सैन्य निर्वासन उड़ानें शुरू की। अब तक लैटिन अमेरिका के लिए प्रवासियों से भरे छह विमान भेजे गए। अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत के बाद कहा था कि जब अमेरिका से अवैध भारतीय अप्रवासियों को वापस लेने की बात आएगी तो प्रधानमंत्री ‘वही करेंगे जो सही होगा’।
निर्वासन और सीमा नियंत्रण तब हुआ जब ट्रंप ने पदभार ग्रहण करने के पहले दिन कहा था कि वे दक्षिणी सीमा पर राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा करते हुए ‘लाखों’ प्रवासियों को निर्वासित करेंगे। इस संबंध में अमेरिकी सरकार ने एक विधेयक को भी मंजूरी दी जिसके तहत बिना अनुमति के देश में प्रवेश करने वाले और कुछ अपराधों के आरोपी अप्रवासियों को हिरासत में लेना और निर्वासित करना आवश्यक होगा। अपने चुनाव अभियान के दौरान भी उन्होंने कहा था, ‘जब मैं फिर से निर्वाचित होऊंगा, तो हम अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ा निर्वासन अभियान शुरू करेंगे।












