
तमिलनाडु (द स्टैलर न्यूज़)। तमिलनाडु के त्रिची में एक प्राइवेट स्कूल में चौथी कक्षा की छात्रा के कथित तौर पर यौन शोषण का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूल के प्रिंसिपल समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। स्कूल कॉरेस्पोंडेंट के पति पर भी लड़की का यौन शोषण करने का आरोप लगा है, जिसे पीड़ित लड़की के परिजनों ने पहले ही पुलिस को सौंप दिया है। बच्ची के साथ हुए कथित यौन शोषण के मामले में माता-पिता और रिश्तेदारों ने स्कूल में विरोध प्रदर्शन किया और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया और प्रदर्शनकारियों ने स्कूल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

प्रदर्शनकारियों ने त्रिची-डिंडीगुल राष्ट्रीय राजमार्ग को भी रोक दिया, जिससे कई घंटों तक यातायात जाम रहा। पुलिस ने यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। जिला कलेक्टर ने कहा है कि यौन शोषण का दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कहा कि स्कूल के खिलाफ यौन उत्पीड़न की यह पहली शिकायत है। उन्होंने कहा कि पुलिस उन आरोपों की जांच करेगी कि अन्य छात्रों के साथ भी ऐसा ही दुर्व्यवहार हुआ है या नहीं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।












