
ब्राजील (द स्टैलर न्यूज़)। ब्राजील में एक विमान पंछी से टकरा गया, जिसके बाद विमान की आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। इस टक्कर से विमान का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय मीडिया और TMZ के अनुसार, LATAM एयरलाइन्स का यह A321 विमान गुरुवार सुबह रियो डी जनेरियो के गेलियो एयरपोर्ट से साओ पाउलो के लिए उड़ान भरने के तुरंत बाद एक पक्षी से टकरा गया।

टकराव के बाद विमान में हुए नुकसान की वजह से उसे वापस एयरपोर्ट पर लौटना पड़ा। विमान में 200 यात्री सवार थे। राहत की बात ये रही कि किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ। यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान किस प्रजाति के पक्षी से टकराया। दक्षिण अमेरिका में कई बड़ी प्रजातियों के पक्षी पाए जाते हैं, जो इस तरह का नुकसान पहुंचाने में सक्षम हैं।












