
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्षयात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर 9 महीने बाद धरती पर वापिस आई है। महीनों अंतरिक्ष में बिताने के बाद उन्होंनें धरती पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की। नासा ने कहा कि सबकुछ प्लानिंग के मुताबिक हुआ और सभी अंतरिक्ष यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। राष्ट्रपति ने भी सुनीता विलियम्स और अन्य अंतरिक्षयात्रियों के सुरक्षित धरती पर वापस लौटने की बधाई दी।


सोशल मीडिया पर सांझा एक पोस्ट में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लिखा कि ‘नासा के क्रू-9 मिशन को सुरक्षित पृथ्वी पर वापस लाने वाली पूरी टीम को हार्दिक बधाई। भारत की बेटी सुनीता विलियम्स और उनके साथी अंतरिक्षयात्रियों ने अपने समर्पण और जुझारूपन से सभी को प्रेरित किया है। इनकी ऐतिहासिक यात्रा टीमवर्क, समर्पण और अद्भुत साहस की कहानी है। मैं उनके स्वास्थ्य की कामना करती हूं।’

सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष में कुल 606 दिन बिता चुकी हैं। इसके साथ ही अंतरिक्ष में सबसे लंबा समय गुजराने वाले अंतरिक्षयात्रियों में सुनीता विलियम्स दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। इस मिशन में ही सुनीता विलियम्स ने 286 दिन लगातार अंतरिक्ष में गुजारकर इतिहास रच दिया। सुनीता विलियम्स ने चार बार स्पेसवॉक किया।












