Wednesday, October 21, 2026
Home Crime थाना बुल्लोवाल प्रभारी रमन कुमार व एएसआई गुरदीप सिंह गिरफ्तार, विजीलैंस ने...

थाना बुल्लोवाल प्रभारी रमन कुमार व एएसआई गुरदीप सिंह गिरफ्तार, विजीलैंस ने की कार्यवाही

चंडीगढ़-होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत होशियारपुर जिले के थाना बुल्लोवाल में तैनात थानेदार (एसएचओ) रमन कुमार, सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और उनके अधीनस्थ सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) गुरदीप सिंह को 1,50,000 रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

Advertisements

विजीलैंस ब्यूरो के एक सरकारी प्रवक्ता ने आज यहां यह खुलासा करते हुए बताया कि ये गिरफ्तारियां मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर होशियारपुर जिले के गांव असलपुर के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई ऑनलाइन शिकायत की जांच के बाद की गई हैं।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उक्त थाने में उसके भतीजे के खिलाफ एनडीपीएस कानून के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी और उक्त पुलिसकर्मी उसके पुत्र को एनडीपीएस कानून की धारा 29 के तहत इस मामले में फंसाने की धमकी दे रहे थे। शिकायत के अनुसार, उक्त एएसआई ने उसके पुत्र को केस से निकालने के लिए एसएचओ की ओर से 1,50,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी, लेकिन शिकायतकर्ता द्वारा विनती करने के बाद रिश्वत की यह राशि घटाकर 1 लाख रुपये कर दी गई। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों के बीच हुई बातचीत रिकॉर्ड कर ली और ऑडियो सबूत विजीलैंस ब्यूरो को सौंप दिए।

प्रवक्ता ने आगे बताया कि विजीलैंस ब्यूरो होशियारपुर यूनिट द्वारा शिकायत की जांच करने और कानूनी सलाह लेने के बाद उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम कानून की धारा 7 और 7ए, बीएनएस की धारा 61(2) और एनडीपीएस कानून की धारा 59 के तहत विजीलैंस ब्यूरो के जालंधर रेंज थाना में मामला दर्ज किया गया है।

हरप्रीत सिंह मंडेर, एसएसपी विजीलैंस ब्यूरो जालंधर रेंज ने बताया कि उक्त दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और कल उन्हें सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले की आगे जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here