
गुरदासपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब हैल्थ सिस्टम कारपोरेशन के चेयरमैन रमन बहल ने जम्मू कश्मीर में पहलगाम में हुए आंतकी हमले की निन्दा करते हुए कहा कि इस कायरतापूर्ण हमले की जितनी निन्दा की जाए कम है। क्योंकि जिस तरह से आंतकवादियों ने पर्यटकों की पहचान करने के बाद केवल हिन्दु समुदाय के लोगों की ही हत्या की है उससे स्पष्ट होता है कि आंतकी एक बहुत बड़ी साजिश की योजना तैयार कर हमला करने के लिए आए थे। रमन बहल ने कहा कि जम्मू कश्मीर में पुलवामा हमले के बाद यह दूसरा बड़ा आंतकी हमला है। जिसमें पाकिस्तान सरकार,वहां की गुप्तचर ऐजैंसी आई.एस.आई. तथा उसके आंतकी संगठनों का सीधा हाथ है। इस लिए इस घटना के लिए सीधे तौर पर पाकिस्तान को ही दोषी माना जाना चाहिए। बहल ने कहा कि समय की मांग है कि सभी राजनीतिक दल इस तरह के आंतकी हमले संबंधी राजनीति करने की बजाए संगठित होकर पाकिस्तान व आंतकवाद का विरोध व निन्दा करें। इस तरह के हमलों संबंधी योजना केन्द्र सरकार द्वारा बनाई जाती है। क्योंकि पाकिस्तान को इस तरह के हमलों का किस तरह से जवाब देना है यह भारत सरकार पर निर्भर करता है। भारत सरकार को चाहिए कि वह आंतकवाद संबंधी ठोस कदम उठाए तथा एक निर्णायक लड़ाई लडें। जिससे देश आंतकवाद से मुक्त हो सके।

चेयरमैन रमन बहल ने कहा कि मेरी इस हमले में शहीद हुए लोगों के परिवारों के साथ पूरी संबेदना है,क्योंकि आंतकवादियों ने जिस तरह से पर्यटकों का नाम पूछ कर उनकी हिन्दू होने के कारण हत्या की है यह एक गंभीर मामला है। जो यह स्पष्ट करता है कि पाकिस्तान के आंतकी संगठन भारत में बड़ा फसाद खड़ा करने की साजिश रच रहे हैं। क्योंकि पर्यटकों में पूरे देश के विभिन्न राज्यों से संबंधित नागरिक प्रभावित हुए है।उन्होने इस बात पर भी चिंता प्रकट की कि पहलगाम में जिस स्थान पर यह हमला हुआ वहां पर 2 से 3 हजार तक पर्यटक होने के बावजूद सुरक्षा का कौई प्रबंध नही था। पंरतु इस समय इस तरह की बातों पर विचार करने की बजाए हमें सभी को देश में एकता व अखंडता को बनाए रखने की जरूरत है। उन्होने केन्द्र सरकार से मांग की है कि वह पाकिस्तान को इस साजिश का मुंह तोड़ जवाब देने के लिए ठोस नीति बनाए ताकि पाकिस्तान पुन:इस तरह के आंतकी हमले करने की हिम्मत न करे। क्योंकि पाकिस्तान अपनी साजिशों से तभी बाज आएगा यदि उसको मुंह तोड़ जवाब दिया जाए।











