
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। हमीरपुर जिला मुख्यालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी के साथ ही रेड अलर्ट जारी किया गया और सारा मिनी सचिवालय पुलिस ने खाली करवा दिया । शुक्रवार को धमकी मिलने के तुरंत बाद पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को खाली करवा कर तलाशी अभियान शुरू किया गया। फिलहाल परिसर से ऐसी कोई विस्फोटक चीज बरामद नहीं हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जैसे ही यह सूचना प्रशासन को मिली, तुरंत अलर्ट जारी कर दिया गया। डीसी ऑफिस परिसर में मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीम ने पूरे कार्यालय परिसर की गहन तलाशी ली।
डीसी हमीरपुर अमरजीत सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि धमकी को गंभीरता से लिया गया है और पुलिस को जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।












