Sunday, October 11, 2026
Home Himachal पुलिस चौकी टौणी देवी ने पाठशाला को लिया गोद, नशा मुक्ति व...

पुलिस चौकी टौणी देवी ने पाठशाला को लिया गोद, नशा मुक्ति व सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता शिविर का आयोजन

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। क्षेत्र में युवाओं के बीच नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, साइबर क्राइम व सड़क सुरक्षा को लेकर लापरवाही के मामलों को ध्यान में रखते हुए पुलिस चौकी टौणी देवी ने एक महत्वपूर्ण व सराहनीय पहल की है। इस क्रम में स्थानीय पुलिस चौकी द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी को गोद लिया गया है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से बचाना, समाज में जागरूकता फैलाना तथा सुरक्षित भविष्य के लिए छात्रों को मार्गदर्शन प्रदान करना है। पाठशाला को गोद लेने के उपरांत एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल स्टाफ, अभिभावकों, स्थानीय पुलिस अधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने बताया कि इस तरह की पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी का बोध कराना भी हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। शिविर में पुलिस चौकी टौणी देवी के प्रभारी राजेश कटोच ने उपस्थित छात्रों को नशे के प्रकार, उसके दुष्परिणाम तथा कानून की दृष्टि से इसके परिणामों पर विस्तृत जानकारी दी।

Advertisements

उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि यदि वे अपने आस-पास किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि देखें तो तुरंत पुलिस या स्कूल प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि युवाओं को सही समय पर सही दिशा देना समाज की बड़ी सेवा है। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा विषय पर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क पार करते समय सावधानी, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग तथा सड़कों पर अनुशासित व्यवहार के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस जानकारी को और प्रभावी बनाने के लिए छात्रों को स्कूल के पास के स्थानीय बाजार क्षेत्र में ले जाकर प्रैक्टिकली समझाया गया कि सड़क पर कैसे सुरक्षित चलना चाहिए। साथ में ही उनसे भी यातायात नियंन्त्र्ण करवाया गया   बच्चों ने इस अनुभव से काफी कुछ सीखा और उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस कार्यक्रम का एक विशेष पहलू यह भी रहा कि इसे महीने के अंतिम शनिवार, जो विद्यालय में बैग-फ्री दिवस के रूप में मनाया जाता है, के साथ जोड़ा गया। इस दिन बच्चों को बिना बस्ते के विद्यालय आने को प्रेरित किया जाता है और शिक्षण को संवादात्मक एवं अनुभवात्मक तरीकों से किया जाता है। इस विशेष दिन का उपयोग करते हुए इस जागरूकता शिविर को और प्रभावशाली बनाया गया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, अध्यापकों और पुलिस अधिकारियों ने मिलकर एक नशा मुक्ति रैली का आयोजन किया, जो विद्यालय से आरंभ होकर मुख्य बाजार क्षेत्र में गई। इस रैली के माध्यम से आम जनमानस को नशा छोड़ने और सुरक्षित जीवन जीने का संदेश दिया गया। रैली में बच्चों ने स्लोगन और पोस्टर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह एक प्रेरणादायक शुरुआत है और आने वाले समय में इस सहयोग को और सशक्त किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here