Friday, October 23, 2026
Home Hoshiarpur आपात स्थिति में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले अधिकारियों का सम्मान

आपात स्थिति में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले अधिकारियों का सम्मान

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। हाल ही में देश की सीमा पर उत्पन्न तनावपूर्ण हालातों और युद्ध जैसे वातावरण के दौरान होशियारपुर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा निभाई गई बेहतरीन सेवाओं को लेकर आज एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन व एस.एस.पी. संदीप कुमार मलिक ने जिले के विभिन्न विभागों के उन अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया, जिन्होंने संकट की घड़ी में अनुकरणीय सेवा भावना और देशभक्ति का परिचय दिया।

Advertisements

डिप्टी कमिश्नर ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जब सीमा पर तनाव बढ़ा और हालात गंभीर हो गए, तब जिला प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बिना अपनी जान की परवाह किए, पूर्ण समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में जिस प्रकार का धैर्य, हिम्मत और सतर्कता दिखाई गई, वह प्रशंसा योग्य है और यही समर्पित अधिकारी प्रशासन की रीढ़ होते हैं। उन्होंने बताया कि जिले में सब-डिवीजन, क्लस्टर, गांव और वार्ड स्तर तक प्रशासनिक नेटवर्क को सक्रिय किया गया था, और विशेष आपदा प्रबंधन कमेटियों का गठन किया गया, जिससे किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तुरंत आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि हमारे अधिकारी हर चुनौती के लिए तैयार रहते हैं और अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाते हैं। डिप्टी कमिश्नर ने सभी अधिकारियों को भविष्य में भी इसी उत्साह, समर्पण और जागरूकता के साथ कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दी।

इस सम्मान समारोह के दौरान सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों ने डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सक्षम नेतृत्व और सकारात्मक ऊर्जा के कारण ही पूरे जिले में संकट की स्थिति को सुसंगठित तरीके से संभाला जा सका। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से उन्हें और भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी और यह पल उनके जीवन की स्मृतियों में सदैव अंकित रहेगा। अधिकारियों ने यह भी कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि प्रशासनिक सेवाओं के महत्व को भी रेखांकित करते हैं। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) अमनबीर कौर, सहायक कमिश्नर (अंडर ट्रेनिंग) ओइशी मंडल, एसपी नवनीत कौर गिल, आरटीओ संजीव कुमार, एसडीएम होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर, मुख्यमंत्री फील्ड अधिकारी-कम- एसडीएम टांडा परमप्रीत सिंह के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here