
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड, होशियारपुर (चौहाल) द्वारा आज विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। कार्यक्रम की शुरुआत साइट प्रेसिडेंट राजेश अरोड़ा एवं मुख्य अतिथि पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड होशियारपुर से इंजीनियर तरुणदीप सिंह (सहायक पर्यावरण अभियंता) एवं इंजीनियर सुखप्रीत सिंह (कनिष्ठ पर्यावरण अभियंता) द्वारा पौधारोपण कर की गई। इस अवसर पर हैड मानव संसाधन अविनाश सिंह, परवीन जॉली, रोहित तुली, अभय गुप्ता, भूपिंदर सिंह सहित कई अन्य कर्मचारीगण ने भी वृक्षारोपण में भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान राजेश अरोड़ा ने कहा कि रिलायंस हमेशा पर्यावरण सुरक्षा और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्ध रहा है। हम सुनिश्चित करते हैं कि हमारी सभी गतिविधियां पर्यावरण के अनुकूल हों और स्वच्छ व हरित भविष्य की ओर ले जाएं। इस अवसर को और भी विशेष बनाने के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड, होशियारपुर (चौहाल) द्वारा पूरे सप्ताह को “पर्यावरण सप्ताह” के रूप में मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत सभी कर्मचारियों को जैविक खाद (मैन्योर) का वितरण, ऑनलाइन पर्यावरण क्विज़, विभागीय हाउसकीपिंग प्रतियोगिता, जल एवं ऊर्जा संरक्षण पर सुझाव आमंत्रण, पर्यावरण नियमों पर जागरूकता सत्र तथा कर्मचारियों के बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज़, होशियारपुर (चौहाल) इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।












