
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़)। आपने कई शादियां देखी होंगी और कई शादियों में शामिल भी हुए होंगे लेकिन हम आपको एक अनोखी शादी के बारे में बताने जा रहे हैं जो इन दिनों यूपी के हमीरपुर जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। कुत्ते और कुतिया की शादी! आपकों बता दे कि 11 जून को यह अनोखी शादी हो रही है, वो भी धूमधाम से। इसके लिए करीब 500 कार्ड भी बांटे जा चुके हैं। लोग मंगलवार और बुधवार 2 दिन पकवान के साथ इस वैवाहिक कार्यक्रम का आनंद उठाएंगे। विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाए जाएंगे, जो मेहमानों को परोसे जाएंगे। मुस्करा के छानी बांध गांव से 11 जून को दूल्हा सेवानंद की अनोखी बरात निकलेगी। श्रीश्री 1008 संतोषानंद महाराज बाल जोगी नागा के इस पालतू कुत्ते सेवानंद की शादी से पहले की रस्म सोमवार से शुरू हो गई। मंडप की रस्म पूरी की गई।

मंगलवार को मायना रस्म पर प्रीतिभोज का कार्यक्रम रखा गया है। सेवानंद की बरात गोहांड ब्लाक के मुसाही मौजा के लिए प्रस्थान करेगी। उसका विवाह विचित्र कुमारी से होगा। 12 जून को विदाई होगी। परिवार की तरह पाला कुत्ता-कुतिया की शादी का यह आयोजन लोगों के बीच कौतूहल का विषय बना हुआ है। आसपास के तमाम लोगों को कार्ड बांटे गए हैं। संतोषानंद महाराज ने बताया कि सेवानंद को परिवार के सदस्य की तरह छोटे से पाला गया है। अब उसका विवाह भी कराना दायित्व है।












