
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। एनआरआई थाना पुलिस एडीजीपी आरके जायसवाल तथा डीआईजी जालंधर रेंड हरकंवलप्रीत सिंह खख के निर्देशों तहत कार्यवाही करते हुए विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी मारने के आरोप में साहिल सिंह हेयर पुत्र महिंदर सिंह निवासी जमशेर चठियाला थाना गढ़दीवाला के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने इस सबंधी विभिन्न धाराओं के तहत 5 अक्टूबर 2024 को मामला दर्ज किया था। पुलिस को दी शिकायत में दमन गोपाल पुत्र राम लोक निवासी जमशेर चठियाला ने बताया था कि आरोपी ने उसके बेटे सूरज कौंडल को विदेश (पुरतगाल) भेजने के नाम पर 6 लाख रुपये की ठगी मारी है। उसने न तो उसके बेटे को विदेश भेजा और न ही उनके पैसे वापिस दे रहा है। आरोपी के पास ट्रैवल एजेंसी संबंधी कोई भी मान्यता प्राप्त लाइसेंस नहीं है। इसके बाद साहिल ने 23 अक्टूबर 2024 को होशियारपुर में सैशन कोर्ट में अग्रिम जमानत दायर की थी, जोकि खारिज कर दी गई थी।
इसके बाद उसने हाईकोर्ट में जमानत याचिका लगाई थी। जिसे अदालत द्वारा 7 फरवरी 2025 को डिस्पोज़आफ कर दिया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार था। पुलिस ने इस मामले में कार्यवाही करते हुए थाना प्रभारी सबइंस्पैक्टर राजविंदर सिंह की अगुवाई में एएसआई सोहन सिंह, एएसआई जसविंदर सिंह, एचसी महिंदर मोहन द्वारा आरोपी साहिल सिंह हेयर को उसके गांव से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी राजविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किए जाने संबंधी कार्यवाही को अमल में लाया जा रहा है।












