
मुंबई (द स्टैलर न्यूज़)। अभिनेत्री आलिया भट्ट की पूर्व पीए वेदिका प्रकाश शेट्टी को जुहू पुलिस ने धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि वेदिका ने अभिनेत्री के पर्सनल अकाउंट से लेकर भट्ट प्रॉडक्शन हाउस के अकाउंट तक लाखों का चूना लगाया है। वेदिका ने इन दोनें अकाउंट से 76 लाख रुपए से अधिक पैसे निकाले जिसकी अभिनेत्री और कंपनी को भनक तक नहीं लगी। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।

जांच में पता चला कि वेदिका 2021 से 2024 तक आलिया की निजी सहायक रही। उसने फर्जी बिल बनाकर आलिया से उन पर हस्ताक्षर कराए और पैसों को एक दोस्त के खाते में ट्रांसफर करवा दिया। बाद में यह रकम घुमाकर वेदिका तक पहुंचाई जाती थी। वह अभिनेत्री की ट्रैवल, मीटिंग्स और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित खर्चों के नाम पर यह ठगी करती रही। मामले में जुहू पुलिस ने धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। शिकायत के बाद वेदिका फरार हो गई और राजस्थान, कर्नाटक, पुणे और बेंगलुरु जैसे शहरों में लगातार ठिकाने बदलती रही। आखिरकार पुलिस ने बेंगलुरु से उसे गिरफ्तार किया गया।












