
जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब सरकार द्वारा ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ शुरू किए गए अभियान के अंतर्गत आज जालंधर ग्रामीण पुलिस ने नायब तहसीलदार और बी.डी.पी.ओ. की मौजूदगी में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बुर्ज हसन गाँव में एक नशा तस्कर का अवैध कब्ज़ा छुड़वाया।सीनियर पुलिस कप्तान (जालंधर ग्रामीण) हरविंदर सिंह विर्क ने इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि बुर्ज हसन निवासी नशा तस्कर सुरिंदर सिंह उर्फ शिंदा ने 30 मरले पंचायती ज़मीन पर कब्ज़ा कर रखा था, जिसमें 10-12 मरले में बने दो मंजिला मकान को पहले ही ज़ब्त किया जा चुका है और आज उसके अवैध कब्ज़े में बने अतिरिक्त स्थान/निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस ने अवैध कब्ज़ा छुड़वाकर ज़मीन ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग को सौंप दी है।

उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस कप्तान (स्थानीय) परमिंदर सिंह हीर और उप पुलिस कप्तान (फिल्लौर) सरवन सिंह बल के नेतृत्व में की गई। उन्होंने आगे बताया कि नशा तस्कर सुरिंदर सिंह के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट समेत 6 मामले दर्ज है और वह फिलहाल जेल में बंद है। ‘ युद्ध नशे के विरुद्ध ’ अभियान के तहत नशे के खात्मे के लिए पंजाब सरकार की वचनबद्धता दोहराते हुए एस.एस.पी श्री विर्क ने कहा कि जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।












