
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। राजपूत सभा की एक विशेष बैठक प्रधान ठाकुर सरजीवन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें ज़िले की मुख्य राजपूत सभा के सदस्यों ने भारी संख्या में हिस्सा लिया। इस बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने राजपूत समाज की राजनीति में कम हो रहे प्रतिनिधित्व और सभी राजनीतिक पार्टियों द्वारा राजपूत बरादरी की हिस्सेदारी को नजरअंदाज किए जाने की दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति पर गहन चिंता जताई। अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ज़िला अध्यक्ष के चुनावों की प्रक्रिया सम्पूर्ण पंजाब में आरम्भ हो चुकी है तथा अब तक 21 ज़िलों की सूची जारी की जा चुकी है, जिसमें भी राजपूत बिरादरी से एक भी ज़िला अध्यक्ष चयनित नहीं किया गया है।

इस स्थिति से क्षुब्ध होकर सम्पूर्ण राजपूत बिरादरी ने अपनी नाराज़गी प्रकट की है और प्रैस के माध्यम से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व (हाई कमान) से यह अपील की है कि शेष बचे हुए ज़िलों के ज़िला अध्यक्षों के चुनाव में राजपूत समाज को भी अन्य बिरादरियों के समान प्राथमिकता दी जाए तथा राजपूत समाज से भी उचित ज़िला अध्यक्ष नियुक्त किया जाए क्योंकि पंजाब के कंडी क्षेत्र से लगे हुए राजपूत बहुल ज़िलों में राजपूत समाज बड़ी संख्या में आता है इसलिए अब भारतीय जनता पार्टी के पास अवसर है कि वह राजपूत समाज से अध्यक्ष नियुक्त करे ताकि आने वाले समय में पंजाब की राजपूत बिरादरी के लोग भारतीय जनता पार्टी से और अधिक सक्रिय रूप से जुड़ सकें। इस अवसर पर मुख्य सचिव कैप्टन डा. सुभाष डडवाल, कोषाध्यक्ष ठाकुर मीर सिंह मिन्हास, संयुक्त सचिव ठाकुर सुदर्शन सिंह डडवाल एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।












