
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। ढाबों में मनमाने रेट लगाने के कारण सरकार के दिशा निर्देशों के बाद खाद्य आपूर्ति विभाग की टीमों ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में निरीक्षण किया है। इसी कड़ी में मंडी जिला में 25 जगहों का निरीक्षण किया और 12 हजार रुपये के चालान किए। हालांकि जिला प्रशासन द्वारा ढाबों , रेस्तरां और अन्य प्रतिष्ठानों में बिकने वाले पके भोजन, दही आदि जैसी वस्तुओं के अधिकतम खुदरा मूल्य तय किए गए हैं। कोई भी विक्रेता निर्धारित मूल्य अथवा तय अधिकतम लाभ सीमा से अधिक राशि नहीं वसूल सकता। इसी प्रकार पैक किए गए सामान पर अंकित मूल्य से अधिक कीमत लेना भी नियमों के तहत वर्जित है।

मंडी जिला में फोरलेन बंद होने के कारण ढाबों में ओवरचार्जिंग की शिकायतों को रोकने के लिए जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए निरीक्षक खाद्य आपूर्ति की अध्यक्षता में दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। एक टीम मंडी से औट के बीच और दूसरी टीम नागचला क्षेत्र में, जहां कुल्लू जाने वाले वाहन बड़ी संख्या में रुकते हैं, लगातार गश्त करेंगी। यह टीमें ढाबों पर अधिक मूल्य वसूलने की शिकायत पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी ।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन ने ढाबों और पर्यटन इकाइयों में ओवरचार्जिंग रोकने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के साथ पर्यटन विभाग तथा राजस्व अधिकारियों को भी फील्ड में तैनात किया है। ये अधिकारी ढाबा संचालकों और पर्यटन इकाइयों के मालिकों के साथ बैठक कर उन्हें स्पष्ट चेतावनी दे रहे हैं कि भोजन, पानी अथवा शौचालय उपयोग के लिए किसी भी स्थिति में अतिरिक्त शुल्क न वसूला जाए।












