
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। दुनिया में लोगों के अजीबोगरीब शौक होते हैं लेकिन हमीरपुर जिला के बमसन ब्लॉक के गांव लोहाखर के दरविंदर कुमार को चमकदार पत्थर एकत्रित करने का शौक हैं। दरविंदर दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और पत्थर तोड़ने का काम करते हैं । इन्हीं पत्थरों को तोड़ते तोड़ते इन्हें कई ऐसे पत्थर मिले जो चमक मार रहे थे। बस यहीं से यह शौक पैदा हुआ और आज इनके पास अलग अलग किस्म के दर्जनों पत्थर है। दरविंदर का दावा है कि इन पत्थरों में हीरे की क्वालिटी हो सकती है। इसके अलावा क्षेत्र की हार्ड रॉक्स में भी भी कई खनिज पदार्थ निकल सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इन पत्थरों पर खोज करने के लिए उन्होंने कई लोगों से बात की लेकिन कोई उचित रिस्पांस नहीं मिला। अब मीडिया के सामने आकर वह अपनी बात रख रहे हैं। दरविंदर के मुताबिक अगर कोई विभाग आगे आकर सहयोग करता है तो वह सभी चमकदार पत्थर देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला के ख्याह और कंगरी के इलाके में भी किसी व्यक्ति ने खुदाई की तो काले पत्थरों की खाने निकली थी। वर्षों पूर्व इस बात पर रिसर्च हुई तो उस इलाके में यूरेनियम के भंडार पाए गए। दरविंदर के अनुसार बमसन और लगवालती क्षेत्र की हार्ड रॉक्स पर भी शोध होना चाहिए ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके।












