
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा ने आज नगर निगम होशियारपुर द्वारा चलाई जा रही 10 दिवसीय विशेष सफाई मुहिम का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ मेयर सुरिंदर कुमार, नगर निगम कमिश्नर ज्योति बाला मट्टू एवं निगम पार्षद भी मौजूद थे।

विधायक ज़िम्पा ने बताया कि मुख्य सचिव, स्थानीय निकाय विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार नगर निगम होशियारपुर ने 23 सितंबर तक शहर की सफाई, स्वच्छता और सार्वजनिक सुविधाओं की बहाली हेतु विशेष अभियान आरंभ किया है। इस अभियान के तहत भंगी चोअ के पास हनुमान मंदिर क्षेत्र में काजवे की सफाई, गड्ढों की मरम्मत, झाड़ियों की कटाई, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा चोअ किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाने का कार्य किया गया।
विधायक ज़िम्पा ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत शहर की सीमाओं से गुजरने वाले नालों व चोअ किनारों की सफाई, सड़क मरम्मत, लाइटों की बहाली और अन्य सुधारात्मक कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस मुहिम में सहयोग करें और अपने क्षेत्र को साफ रखने में भागीदारी निभाएं। साथ ही उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि घर का कूड़ा अलग-अलग करके ही सफाई सेवकों को दें तथा चोअ किनारे कूड़ा फेंकने से परहेज़ करें।












