
दसूहा (द स्टैलर न्यूज़)। केएमएस कॉलेज ऑफ आई.टी. एंड मैनेजमेंट, दसूहा में “भारतीय परिप्रेक्ष्य में मानव अधिकार” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध शिक्षाविद् एवं वरिष्ठ समाजसेवी संजीव कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों को संबोधित किया।

अपने संबोधन में संजीव कुमार ने कहा कि मानव अधिकार किसी भी लोकतांत्रिक समाज की नींव हैं। उन्होंने भारतीय संविधान में निहित मौलिक अधिकारों की व्याख्या करते हुए बताया कि प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने कई प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से छात्रों को मानव अधिकारों की रक्षा और जागरूकता के प्रति प्रेरित किया।
इस अवसर पर अरविंदरपाल सिंह कलसी ने भी छात्रों को कौशल विकास के महत्व के बारे में बताया तथा कनाडा में शिक्षा और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. शबनम सैनी एवं मानव सैनी ने अतिथियों का कॉलेज परिसर में गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा गणमान्य व्यक्तियों की बड़ी संख्या उपस्थित रही। कॉलेज प्रशासन की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ तथा उपस्थित विद्यार्थियों ने इस प्रेरणादायी और ज्ञानवर्धक सत्र के लिए अतिथियों का तालियों से स्वागत किया।











