
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम के साथ शराबी व्यक्ति ने गलत हरकत करने की कोशिश की। उसने पब्लिक मीटिंग के दौरान शीनबाम को किस किया और गलत तरीके से छूने की कोशिश की। जिसका वीडियों भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। शीनबाम ने इस घटना को बहुत ही शांत अंदाज में डील किया। उन्होंने शराबी युवक से खुद को छुड़ाया और हंसते हुए कहा चिंता मत कीजिए। यह घटना मंगलवार को उस समय हुई जब शीनबाम राष्ट्रपति भवन के पास एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पैदल जा रही थीं।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उन्हें लोगों से हाथ मिलाते और फोटो खिंचवाते हुए देखा गया। इसी दौरान वह व्यक्ति पीछे से उनके पास आया, उसने एक हाथ उनके कंधे पर रखा और दूसरे हाथ से उनकी कमर और छाती को छुआ, साथ ही उनके गले पर किस करने की कोशिश की। कई सेकंड तक उनकी सुरक्षा टीम का कोई सदस्य बीच में नहीं आया। बाद में, जब शीनबाम ने शांत भाव से उसकी ओर रुख किया, तो सुरक्षा कर्मियों ने उस व्यक्ति को अलग किया। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला तब किया जब उन्हें पता चला कि वह व्यक्ति अन्य महिलाओं को भी परेशान कर रहा था। उन्होंने कहा, “वह व्यक्ति मेरे पास पूरी तरह नशे में आया था। मुझे नहीं पता कि वह ड्रग्स पर था या नहीं। जब तक मैंने वीडियो नहीं देखा, मुझे यह समझ नहीं आया कि वास्तव में क्या हुआ था।” बाद में अधिकारियों ने बताया कि उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है।












