
हैदराबाद (द स्टैलर न्यूज़)। तेलंगाना की कांग्रेस सरकार ने शहर में अमेरिकी कॉन्सुलेट के नजदीकी मुख्य सड़क का नाम अब ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ रखने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने खुद इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। जानकारी के अनुसार यह कदम जनवरी 2026 में होने वाले “तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल इनवेस्टर समिट” से पहले लिया गया है। सरकार का मानना है कि ट्रंप का नाम देखते ही वैश्विक निवेशकों का ध्यान तुरंत हैदराबाद की ओर खिंच जाएगा।

इसके साथ ही शहर में कई और बड़ी कंपनियों के नाम पर भी सड़कों और चौराहों के नाम रखे जा रहे हैं – जैसे “गूगल स्ट्रीट”, “माइक्रोसॉफ्ट रोड” और “विप्रो जंक्शन”। तेलंगाना सरकार ने नेहरू आउटर रिंग रोड से प्रस्तावित फ्यूचर सिटी को जोड़ने वाली नई 100 मीटर लंबी ग्रीनफील्ड रेडियल रोड का नाम “रतन टाटा रोड” रखने का फैसला किया है। ध्यान रहे कि रविरयाला इंटरचेंज को पहले ही “टाटा इंटरचेंज” नाम दिया जा चुका है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा, “सड़कों के नाम दुनिया के दिग्गज लोगों और कंपनियों के नाम पर रखने से दो फायदे होंगे–एक तो उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि मिलेगी, दूसरा हैदराबाद का ब्रांड दुनिया में और चमकेगा।”
तेलंगाना भाजपा के कद्दावर नेता बंदी संजय कुमार ने इस फैसले पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “अगर नाम बदलने का इतना ही शौक है तो पहले हैदराबाद का नाम ‘भाग्यनगर’ करो, रेवंत रेड्डी बस ट्रेंडिंग चीजों के पीछे भाग रहे हैं। असली मुद्दों पर सड़कों पर उतरकर जनता की लड़ाई लड़ने वाली पार्टी सिर्फ भाजपा है।”












