
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हुए आतंकी हमलों में शामिल दो महिला आत्मघाती हमलावरों की तस्वीरें जारी की हैं। BLA के मुताबिक, दोनों हमलावर महिलाएं Gen Z पीढ़ी से थीं और हमलों में शामिल होने से पहले शिक्षित थीं। इनमें एक की पहचान हवा बलोच के रूप में हुई है, जिनके पिता BLA के लड़ाके थे और 2021 में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए थे। दूसरी महिला आसिफा मेंगल बताई गई है, जिनका जन्म वर्ष 2002 में हुआ और जिन्होंने नुश्की में कथित ISI कैंप पर आत्मघाती हमला किया।

BLA ने एक बयान में इन हमलों की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि यह उसके ऑपरेशन “हेरोफ” (ब्लैक स्टॉर्म) के दूसरे चरण का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य पूरे बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों को निशाना बनाना था। महिला आत्मघाती हमलावरों की भागीदारी को संगठन की रणनीति में एक बड़ा और चिंताजनक बदलाव माना जा रहा है। BLA के अनुसार, 24 वर्षीय आसिफा मेंगल, मोहम्मद इस्माइल की बेटी और नुश्की जिले की निवासी थीं। संगठन का दावा है कि उसका जन्म 2 अक्टूबर 2002 को हुआ। वह 21वें जन्मदिन पर BLA की आत्मघाती इकाई मजीद ब्रिगेड में शामिल हुईं।
जनवरी 2024 में उन्होंने “फिदायीन मिशन” के लिए स्वेच्छा से नाम दिया। उसने नुश्की स्थित ISI मुख्यालय को निशाना बनाकर आत्मघाती हमला किया। प्रांतीय प्रवक्ता शाहिद रिंद ने बताया कि नुश्की, हब, चमन, नसीराबाद, ग्वादर और मकरान समेत कई इलाकों से हमलों की खबरें आई हैं। पाकिस्तान के जूनियर गृह मंत्री तलाल चौधरी ने कहा कि आतंकी नागरिकों के वेश में स्कूलों, बाजारों, बैंकों और अस्पतालों तक में घुस गए थे। पाकिस्तानी सेना का दावा है कि किसी भी शहर या रणनीतिक ठिकाने पर आतंकियों को कब्जा नहीं करने दिया गया।












