
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। रोटरी आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन सोसाइटी की ओर से तेरा आसरा सेवा घर में नेत्रदान एवं शरीर दान के बारे मे जागरूकता हेतु समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें पूर्व राज्यसभा सदस्य श्री अविनाश राय खन्ना मुख्यतिथि के तौर पर उपस्थित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरमैन प्रमुख समाज सेवी, संजीव अरोड़ा ने मुख्यतिथि का स्वागत करते हुए नेत्रदान एवं शरीर दान सम्बन्धी विस्तृत जानकारी प्रदान की। तदोपरांत तेरा आसरा सेवा घर में रह रहे 22 निवासियों ने प्रण पत्र भरे।

इस अवसर पर मुख्यतिथि श्री अविनाश राय खन्ना ने कहा कि नेत्रदान एवं शरीर दान समाज के लिए महान दान है क्योंकि इसमें मेडिकल कॉलेजों मे पढ़ाई कर रहे छात्रों को मानव शरीर की संरचना को समझने का अवसर मिलता है तथा चिकित्सा अनुसंधान को नई दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि शरीर दान करना आने वाले समय में असंख्य मरीजों के उपचार में सहायक बन सकता है।
इस मौके पर प्रधान जे. बी. बहल ने उपस्थित लोगों को शरीर दान की प्रक्रिया,उसके सामाजिक महत्व तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे मे विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए कहा कि शरीर दान न केवल चिकित्सा शिक्षा को सशक्त बनाता है बल्कि समाज के प्रति महान योगदान भी है। कार्यक्रम के दौरान जिन 22 लोगों ने मरणोपरांत शरीर दान करने हेतु प्रण पत्र भरे उन्हें सोसाइटी की ओर से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।अंत में तेरा आसरा सेवा घर की ओर से मुख्य संचालिका बीबी रजिंद्र कौर एवं अमृतपाल सिंह ने सोसाइटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि तेरा आसरा सेवा घर से पहले भी दो शरीर मरणोपरांत रोटरी आई बैंक के माध्यम से मेडिकल कॉलेज को भेजे जा चुके है और उन्होंने अन्य सोसाइटियों से भी अपील की कि वह भी इस मानव सेवा के पुनीत कार्य मे सहयोग कर अपना योगदान दें। इस अवसर पर मदन लाल महाजन, विजय अरोड़ा,दविंद्र अरोड़ा ,वीना चोपड़ा, अश्विनी कुमार दत्ता, कृष्ण किशोर, एन. के. गुप्ता व अन्य उपस्थित थे।












